जुलाई 22, 2026 8:28 पूर्वाह्न

printer

भारतीय नौसेना आज पनडुब्बी रोधी स्वदेशी युद्धपोत ‘आईएनएस मालवन’ को बेड़े में शामिल करेगी

भारतीय नौसेना आज कर्नाटक के कारवार में माहे श्रेणी के दूसरे पनडुब्बी रोधी युद्धपोत आईएनएस मालवन को बेड़े में शामिल करेगी। यह भारत के स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर पश्चिमी नौसेना कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्सायन, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के प्रतिनिधि, नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में निर्मित आईएनएस मालवन में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी उपकरण और तकनीक का उपयोग किया गया है। यह आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत युद्धपोत निर्माण में देश की बढ़ती क्षमता का परिचायक है।

माहे श्रेणी के ये युद्धपोत तटीय और उथले समुद्री क्षेत्रों में प्रभावी परिचालन के लिए बनाए गए हैं। इनसे नौसेना की समुद्री सुरक्षा और पनडुब्बी रोधी क्षमता और मजबूत होगी।