नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने कहा है कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर में चीन की बढ़ती मौजूदगी पर करीबी नजर रख रही है। वे आज नई दिल्ली में एक निजी समाचार एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि हिंद महासागर पूरी दुनिया की साझा समुद्री संपदा है और सभी देशों को यहां नौवहन की स्वतंत्रता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित में हिंद महासागर क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखना भारतीय नौसेना की जिम्मेदारी है।
नौसेना प्रमुख ने कहा कि पिछले चार दशकों में भारतीय नौसेना में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि नौसेना आज की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार है और भविष्य के संघर्षों की तैयारी भी कर रही है। एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भू-राजनीतिक परिस्थितियों में तेजी से बदलाव और तकनीक ने युद्ध के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। वैश्वीकरण और तकनीकी विकास के चलते अब आधुनिक सैन्य क्षमताओं तक सरकारी ही नहीं, बल्कि गैर-सरकारी संगठन भी पहुंच बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध अब नए क्षेत्रों तक फैल गया है, जिससे संघर्ष पहले की तुलना में अधिक जटिल और तेज गति वाले हो गए हैं।