सऊदी अरब में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर पहुंचें। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें और वीडियो बनाने या उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की अपील भी की है।
दूतावास के अधिकारी अस्पतालों में भर्ती घायल भारतीय नागरिकों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। वे उनके परिजनों के संपर्क में हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इस बीच, रियाद का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उड़ानों के लिए बंद है। दमाम, जेद्दा और मदीना हवाई अड्डों पर उड़ानें जारी हैं, हालांकि कुछ व्यवधान बने हुए हैं। भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए उड़ानों का संचालन कुछ और दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने सभी मार्गों पर 24 अक्टूबर तक उड़ानें स्थगित कर दी हैं।
वहीं, अकासा एयर ने 27 अक्टूबर तक अपनी उड़ानें निलंबित रखी हैं। दूतावास के अनुसार, सऊदी अरब की विमानन कंपनी सऊदिया दमाम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए निर्धारित उड़ानों का संचालन कर रही है। दूतावास ने तत्काल भारत लौटने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते यात्रा करने पर विचार करने की सलाह दी है। हालांकि, इसके लिए संबंधित देशों का आवश्यक वीजा होना जरूरी है।