भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आई.सी.एम.आर.) ने जन स्वास्थ्य, शारीरिक गतिविधि, आहार और शारीरिक माप के आकलन से जुड़े सर्वेक्षण-संपाडा 2023-2025 के प्रमुख निष्कर्ष जारी किए हैं। यह सर्वेक्षण जीवन के विभिन्न चरणों में खून की कमी और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से संबंधित व्यापक राष्ट्रीय आंकड़े उपलब्ध कराता है।
आई.सी.एम.आर. ने बताया कि संपाडा सर्वेक्षण के निष्कर्षों से उत्साहजनक बदलाव सामने आया है। पिछले सर्वेक्षणों की तुलना में खून की कमी यानी एनीमिया का कुल प्रसार कम हुआ है। 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया का प्रसार 42% पाया गया। वहीं, 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में यह 46% रहा। इसी आयु वर्ग के किशोर लड़कों और 20 से 59 वर्ष के पुरुषों में एनीमिया का प्रसार 22 से 23% के बीच दर्ज किया गया, जबकि प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में यह 56% रहा।
आई.सी.एम.आर. के अनुसार, संपाडा विश्व स्तर पर किए गए सबसे बड़े और व्यापक पोषण सर्वेक्षणों में से एक है। इसमें 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81,000 से अधिक परिवारों के 2 लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। विभिन्न आयु वर्गों, महिला-पुरुषों और शारीरिक अवस्थाओं के लोगों में हीमोग्लोबिन का स्तर जांचने के लिए एक लाख 70,000 से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया।
इस सर्वेक्षण में बुजुर्गों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधि आंकड़े उपलब्ध कराए गए हैं। इससे उस आयु वर्ग में एनीमिया की स्थिति का आकलन संभव हुआ है, जिसके बारे में पहले राष्ट्रीय स्तर पर सीमित जानकारी उपलब्ध थी।