अगस्त 20, 2026 9:51 अपराह्न

printer

सरकार ने दिल्ली मास्टर प्लान 2047 का अनावरण किया

सरकार ने आज दिल्ली मास्टर प्लान 2047 का अनावरण किया। यह प्लान दिल्ली को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, पर्यावरण के अनुकूल और समावेशी राजधानी में बदलने के लिए दीर्घकालिक ढांचा प्रदान करता है। विकसित भारत 2047 के अनुरूप, दिल्ली मास्टर प्लान का उद्देश्य राजधानी को लोगों के लिए विश्व स्तरीय, समावेशी और आर्थिक रूप से जीवंत शहर में बदलना है।

अनावरण के दौरान, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 30 से 40 लाख नए फ्लैट जोड़े जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर की विशाल आबादी की आवास मांगों को पूरा करना है। श्री मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली मास्टर प्लान एक ऐतिहासिक पहल है जो राजधानी की बढ़ती आबादी का समर्थन और व्यापक विकास को बढ़ावा देगी।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन गलियारे को मजबूत करने के लिए विशेष रूप से पारगमन उन्मुख विकास (टीओडी) नीति भी तैयार की गई है। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के ‘सप्त-धारा’ के दृष्टिकोण के अनुरूप, दिल्ली मास्टर प्लान 2047 में विकास, पारगमन उन्मुख विकास, गुणवत्तापूर्ण आवास, ज्ञान, शिक्षा और चिकित्सा केंद्रों के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। साथ ही दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना अधिक टिकाऊ, जीवंत और भविष्य के लिए तैयार दिल्ली का निर्माण करेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के लोग इस मास्टर प्लान का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए, योजना को पूरे शहर के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र, अनधिकृत कॉलोनियां और नियोजित क्षेत्र सभी शामिल हैं। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं और प्रदूषण की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए शहरी विकास की योजना बनाई गई है।

इस अवसर पर दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, केंद्रीय राजधानी विकास सचिव डी थारा, दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा और दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एन. सरवाना कुमार उपस्थित थे।