सरकार ने देश को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) पर आधारित समाधानों के लिए भारत को वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। आज नई दिल्ली में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीसीआई) के वैश्विक क्षमता केंद्र के व्यापार शिखर सम्मेलन 2026 के उद्घाटन सत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि सरकार ने एआई को शुरू से ही सकारात्मक रूप में देखा है। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग करके विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादकता, दक्षता और प्रभावशीलता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। श्री कृष्णन ने कहा कि सरकार इस बात पर काम कर रही है कि भारत एआई को प्रभावी ढंग से कैसे अपना सकता है और वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा कि भारत वर्तमान में लगभग आधे वैश्विक क्षमता केंद्रों की मेजबानी करता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लोगों के प्रयासों से हासिल हुई है।