सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रही उस फर्जी तस्वीर का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहन के ईंधन टैंक में समस्या हो सकती है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने इस दावे को झूठा बताया है। कार्यालय ने कहा कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि तेल विपणन कंपनियों द्वारा आपूर्ति किया जाने वाला ई20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो के निर्धारित मानकों के अनुरूप है। मंत्रालय ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप होने पर इथेनॉल और पेट्रोल पूरी तरह से घुलनशील होते हैं। मंत्रालय ने यह भी आश्वासन दिया कि भारत में आपूर्ति किया जाने वाला इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन करता है और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाने से पहले इसका गहन परीक्षण किया जाता है।
News On AIR | जुलाई 12, 2026 5:44 अपराह्न
सरकार ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहन के ईंधन टैंक में समस्या वाली फर्जी तस्वीर का किया खंडन