शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर के पहले बैच के विद्यार्थियों के दीक्षांत समारोह में कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिसर दोनों देशों के बीच साझेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
श्री जोशी ने बताया कि जनवरी 2024 में सीमित स्तर पर शुरू हुए इस परिसर में तीन वर्ष से भी कम समय में शैक्षणिक कार्यक्रमों और अनुसंधान सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शैक्षणिक जगत में भारत की उपस्थिति लगातार मजबूत हो रही है। क्यूएस रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों का प्रदर्शन इसका प्रमाण है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का जिक्र करते हुए श्री जोशी ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था रटकर सीखने की पद्धति से आगे बढ़कर आलोचनात्मक सोच, अनुसंधान और नवाचार पर केंद्रित हो रही है। उन्होंने उच्च शिक्षा के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय स्वरूप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्थान विदेशों में अपने परिसर स्थापित कर रहे हैं, जबकि विदेशी विश्वविद्यालय भारत में अपने परिसर खोल रहे हैं। श्री जोशी ने इन विद्यार्थियों को दोनों देशों के बीच सेतु बनाने वाली पीढ़ी बताया।