निर्वाचन आयोग ने 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों से मौजूदा मतदाता सूचियों में मतदाताओं के विवरण में गलत या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की पहचान करने और उन्हें ठीक करने के लिए कहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को लिखे पत्र में आयोग ने कहा है कि नाम और जन्मतिथि जैसे विवरणों में त्रुटियों की पहचान की जानी चाहिए।
आयोग ने कहा है कि सुधार के लिए, सम्बंधित मतदाताओं के मौजूदा चुनावी विवरणों की तुलना विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान एकत्रित की गई सम्बंधित जानकारी से की जानी चाहिए। इसके लिए, बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) चल रहे एसएसआर के दौरान सम्बंधित मतदाताओं के पास जाकर उनके विवरणों का सत्यापन करेंगे और जहां आवश्यक हो, विधिवत भरा हुआ और हस्ताक्षरित प्रपत्र 8 प्राप्त करेंगे। आयोग ने यह भी कहा है कि सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऐसे आवेदनों की जांच और उनका निपटारा करेंगे।