नवम्बर 26, 2026 8:02 पूर्वाह्न

printer

सेबी ने निवेशकों के लिए ग्राहक पहचान प्रक्रिया को आसान बनाने और केआरए में जोखिम प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नए उपाय किए

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड – सेबी ने निवेशकों के लिए ग्राहक पहचान प्रक्रिया को आसान बनाने और केवाईसी पंजीकरण एजेंसियों (केआरए) में जोखिम प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नए उपाय किए हैं। कल जारी एक परिपत्र में बाजार नियामक ने बताया कि ग्राहकों की सामान्य जानकारी, जैसे आय का दायरा, पेशा, सीकेवाईसी आईडी और डिजिपिन, अब केआरए के स्तर पर एक ही जगह रखी जाएगी। इससे अलग-अलग वित्तीय मध्यस्थों के पास एक ही जानकारी बार-बार दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

    नए नियमों के अनुसार, यदि किसी ग्राहक का मोबाइल नंबर पहले से आधार से जुड़ा है और केआरए के डेटाबेस में सत्यापित है, तो उसका दोबारा मोबाइल सत्यापन नहीं करना होगा। इसी तरह, यदि नाम में बदलाव पैन और आधार के रिकॉर्ड में पहले ही दर्ज हो चुका है, तो निवेशकों को इसके लिए अलग से कोई प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा, भारत में रहने वाले ओसीआई कार्डधारकों और विदेशी नागरिकों को सत्यापित भारतीय पते का प्रमाण देने पर विदेशी पते का प्रमाण देने से छूट मिलेगी।

डेटा की गोपनीयता बेहतर बनाने के लिए मध्यस्थों को अब किसी ग्राहक का खाता बंद होने की जानकारी पांच कार्य दिवसों के भीतर केआरए को देनी होगी। ये नए नियम 24 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।