भारत और नीदरलैंड ने समुद्री क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने के संबंध में वार्ता की है। इसमें बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, स्मार्ट समुद्री बुनियादी ढांचे, हरित नौवहन कॉरिडोर, टिकाऊ ईंधन, अंतर्देशीय जलमार्ग और जहाज निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया। कल हेग में, द्विपक्षीय वार्ता में केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने नीदरलैंड के बुनियादी ढांचे और जल प्रबंधन मंत्री विंसेंट कैरेमैन्स के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस चर्चा का उद्देश्य ‘नौवहन अमृत काल विजन 2047’ के तहत भारत की बंदरगाह-आधारित विकास योजनाओं को, समुद्री अभियांत्रिकी में नीदरलैंड की तकनीकी विशेषज्ञता के साथ जोड़ना था। श्री शांतनु ठाकुर कल तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नीदरलैंड पहुंचे। इस यात्रा के दौरान, वे समुद्री क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए मंत्री-स्तर पर उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
यह दौरा, इस महीने की 22 तारीख को नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसेन के बीच हुई मुलाकात के बाद हो रहा है।