भारत और म्यांमा नौसेना अभ्यास आई.एम.नेक्स-26 का आठवां संस्करण शनिवार को विशाखपट्टणम में संपन्न हो गया। भारतीय और म्यांमार नौसेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए यह अभ्यास बंदरगाह और समुद्र में आयोजित किया गया। समुद्री चरण में यह अभ्यास बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया गया। इसमें भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा के साथ म्यांमा नौसेना का जहाज यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन भी शामिल थे। जहाजों ने समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास और परिचालन अभ्यास किए।
बंदरगाह चरण में पेशेवर आदान-प्रदान, क्रॉस-डेक दौरे, नौसेना कर्मियों के बीच बातचीत और खेल गतिविधियां शामिल थीं। इससे दोनों नौसेनाओं को परिचालन संबंधी ज्ञान और अनुभव साझा करने में मदद मिली।
भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और महासागर विजन के अनुरूप इस अभ्यास से भारत और म्यांमा के बीच द्विपक्षीय नौसेना सहयोग मजबूत होगा।