रेलवे सुरक्षा बल की ओर से आयोजित राजकीय रेलवे पुलिस-जी.आर.पी. प्रमुखों का आठवां अखिल भारतीय सम्मेलन कल नई दिल्ली में संपन्न हुआ। सम्मेलन में सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों पर चर्चा की गई और रेलवे सुरक्षा तथा यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और राज्य पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। इसमें एक-दूसरे की श्रेष्ठ कार्य पद्धतियों और अनुभवों को साझा करने पर भी बल दिया गया।
रेल मंत्रालय के अनुसार, सम्मेलन में रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र की ओर से राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों को रेल मदद प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल प्रमुख रही। इसका उद्देश्य यात्रियों की शिकायतों का बेहतर तरीके से समाधान करना, समय पर जानकारी साझा करना और शिकायतों की निगरानी मजबूत करना है।
सम्मेलन में दिवाली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन के उपायों पर भी चर्चा हुई। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस, जीआरपी और दिल्ली मेट्रो के साथ समन्वित प्रयासों की जानकारी दी। इन उपायों में सी.सी.टी.वी. निगरानी, सार्वजनिक घोषणाएं, बैरिकेडिंग, यात्रियों के लिए निर्धारित प्रतीक्षा क्षेत्र और विशेष नियंत्रण कक्ष शामिल हैं।
मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन में त्योहारों के दौरान सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम योजना, यात्रियों की आवाजाही के बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की समन्वित तैनाती के महत्व पर जोर दिया गया।