अक्टूबर 28, 2026 10:36 अपराह्न

printer

जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने सुजल ग्राम संवाद के 12वें संस्करण का आयोजन किया

जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने आज सुजल ग्राम संवाद के 12वें संस्करण का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल व्यवस्था के संचालन और रखरखाव को लेकर ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक के.के. मीणा ने की।

इस अवसर पर श्री मीणा ने कहा कि गांवों में पेयजल और स्वच्छता सेवाओं को बेहतर बनाने में ग्राम पंचायतों की अहम भूमिका है। उन्होंने पंचायतों से 16वें वित्त आयोग के अनुदान का सही उपयोग करने और पानी की व्यवस्था को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए जल उपभोक्ता शुल्क वसूलने की व्यवस्था को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने स्थानीय भाषाओं में संवाद आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण लोग आसानी से अपनी बात रख सकें और एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकें। सुजल ग्राम संवाद के इस संस्करण में पांच ग्राम पंचायत मुख्यालय वाले गांवों में चर्चा की गई। कार्यक्रम में पानी की नियमित आपूर्ति और बेहतर पेयजल सेवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी बात हुई। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य गांवों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना और इसके रखरखाव में ग्राम पंचायतों तथा स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।