80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर, दिल्ली यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के आसपास आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यातायात संबंधी परामर्श जारी किया है। यह सुबह 4 बजे से दिन के 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने कहा कि इस दौरान सिर्फ़ वैध लेबल वाली गाड़ियों को ही आने-जाने की इजाज़त होगी।
यातायात पुलिस ने कहा है कि नेताजी सुभाष मार्ग से दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक, चांदनी चौक रोड के फाउंटेन चौक से लाल किला और निषाद राज मार्ग के रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तथा इनसे सटें क्षेत्रों मे यातायात बाधित रहेगी। यातायात पुलिस वैकल्पिक रास्ते के रुप मे अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, रिंग रोड, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड सहित अन्य मार्गो का उपयोग करने की सलाह दी है। इसके अलावा यातायात पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, अतिरिक्त समय लेकर चलें, प्रतिबंधित सड़कों से बचें और यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इस बीच, दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों और आम जनता की आवाजाही के लिए विस्तारित मेट्रो सेवाओं की घोषणा की है। यात्री लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशनों पर उतरकर लाल किले तक पहुंच सकते हैं। विस्तारित मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू होगी।
दिल्ली मेट्रो ने बताया कि उसने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले अधिकृत आमंत्रित व्यक्तियों और विशेष अतिथियों की सुगम यात्रा के लिए रक्षा मंत्रालय को एक लाख 30 हजार विशेष क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। विशेष अतिथि अपने वैध प्रवेश पत्र के साथ निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर इन क्यूआर टिकटों का लाभ उठा सकते हैं।