अक्टूबर 22, 2026 7:44 पूर्वाह्न

printer

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली की सरकारी एजेंसियों के साथ बैठक कर प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कल दिल्ली की सरकारी एजेंसियों के साथ बैठक कर प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में आने वाले दिनों में वायु प्रदूषण कम करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर बल दिया गया। आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की सह-अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी संबंधित एजेंसियों को आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।

आयोग ने दिल्ली नगर निगम को अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों और खुले इलाकों में धूल प्रदूषण रोकने के उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए।

वहीं, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को प्रदूषण कम करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। समिति को प्रदूषण से जुड़ी चिन्हित समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के भी निर्देश दिए गए।