वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में प्रदूषण को लेकर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर उड़ने वाली धूल और सफाई व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया गया।
पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, टीम ने सिविल लाइंस, करोल बाग और पश्चिमी दिल्ली के इलाकों में जांच की। जांच में सड़कों पर धूल और निर्माण से जुड़े मलबे के 34 मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धूल नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू किया जाए। इसमें सड़कों की नियमित मशीन से सफाई, पानी का छिड़काव और मलबे को तुरंत हटाना शामिल है।
आयोग ने कहा है कि सड़कों की धूल और निर्माण मलबा शहरों में प्रदूषण के बड़े कारण हैं, इसलिए इन पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई जरूरी है।