त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने आज बिशालगढ़ नगर परिषद के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने बिशालगढ़ टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर क्षेत्र में आठ नई सड़कों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर पर विकास कार्यक्रमों और बेहतर नागरिक सेवाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में एक हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। चालू वित्तीय वर्ष में विकास परियोजनाओं के अधीन विभागों के अंतर्गत एक हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने त्रिपुरा से बाहर भेजे जाने वाले मरीजों की संख्या में कमी का भी उल्लेख किया और राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी बात की।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए और सात स्वास्थ्य उप-केंद्रों को गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आठ ग्राम पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित करने वाले प्रमाण पत्र स्वच्छता कर्मचारियों को दिए गए। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित थे।