दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का शुभारंभ किया। शिविर में क्षेत्रवासियों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैदरपुर में लगभग पांच हजार गज भूमि पर 12वीं तक के नए स्कूल बनाए जा रहे हैं, इसके अलावा क्षेत्र में सामुदायिक भवन और छठ घाट का निर्माण भी किया जा रहा है। साथ ही, क्षेत्र में निरोग धाम विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा, जहां आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दोनों पद्धतियों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में हैदरपुर क्षेत्र के एयू ब्लॉक और एओ ब्लॉक की झुग्गियों के लिए आवास निर्माण से संबंधित टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं, दूसरे चरण में आयुर्वेदिक अस्पताल क्षेत्र की झुग्गियों को शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने झुग्गीवासियों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र की एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी और दिल्ली सरकार का उद्देश्य किसी को हटाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें नागरिकों के करीब लाया जाए, ताकि उन्हें समय पर जांच और उचित उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त दिल्ली की नींव हैं।