एशियाई खेलों में भारत की रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत पदक और सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने नौकायन की पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। रोशिबिना देवी को फाइनल मैच में चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह एशियाई खेलों में रोशिबिना का तीसरा पदक है। उन्होंने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में रजत और 2018 के जकार्ता-पालेमबांग एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।
उधर, सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने पुरुष डबल स्कल्स नौकायन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थी, लेकिन अंतिम 500 मीटर में तीसरे स्थान पर आ गई। इससे पहले सतनाम सिंह ने हांगझोउ एशियाई खेलों में पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स में भी कांस्य पदक जीता था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियाई खेलों में वुशु की महिला 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर रोशिबिना देवी नाओरेम को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि लगातार तीन एशियाई खेलों में तीन पदक जीतना भारतीय वुशु के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि और ऐतिहासिक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि रोशिबिना की प्रेरणादायी यात्रा आगे भी देश के लिए गौरव के कई अवसर लेकर आएगी।
राष्ट्रपति ने पुरुष डबल स्कल्स में कांस्य पदक जीतने पर सतनाम सिंह और सलमान खान को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन टीम भावना, धैर्य और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो रोइंग के लिए जरूरी हैं। राष्ट्रपति ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर रोशिबिना देवी नोरम को बधाई दी है।
उन्होंने पुरुषों की डबल नौकायन की स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सतनाम सिंह और सलमान खान को भी शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि रोशिबिना ने लगातार तीसरे एशियाई खेलों में पदक हासिल कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि सतनाम और सलमान की सफलता असाधारण टीमवर्क को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर सतनाम सिंह और सलमान खान को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से भारत को एक और पदक मिला है। दोनों खिलाड़ियों का संयम और आपसी तालमेल विशेष रूप से सराहनीय रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें आने वाले वर्ष में और बड़ी सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।