सितम्बर 24, 2026 6:50 पूर्वाह्न

printer

भारत ने ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत पर हमले की कड़ी निंदा की, 20 भारतीय नाविकों में से एक की मौत

भारत ने ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक पोत एम.वी. केप डाओ पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पोत पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई। मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। मंत्रालय ने ओमानी अधिकारियों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।
 
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से निर्बाध नौवहन और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।