दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में 1,368 नव-नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 1 हजार 15 टीजीटी, 236 पीजीटी और 117 संगीत शिक्षक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र प्रदान करने का अवसर नहीं है, बल्कि दिल्ली के लाखों बच्चों और उनके परिवारों के साथ बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद पिछले डेढ़ साल से शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त शिक्षकों से विद्यार्थियों के लिए केवल विषय-विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि मेंटर्स, रोल मॉडल और मार्गदर्शक बनने का आह्वान किया।
यह नियुक्ति कार्यक्रम दिल्ली सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में रिक्त शिक्षकीय पदों को भरने और शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे व्यापक भर्ती अभियान का हिस्सा है। पिछले तीन महीनों में विभिन्न शिक्षण श्रेणियों में भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां की गई हैं। अप्रैल-मई 2026 में लगभग 751 अभ्यार्थियों को नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि वर्तमान चरण में 1 हजार 368 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। इस भर्ती अभियान से सरकारी विद्यालयों में मौजूद शिक्षकों की कमी को दूर करने, विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर अकादमिक सहयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।