अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ आज उत्तराखंड में वार्षिक चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई। गंगोत्री मंदिर के भीतर देवी गंगा की प्रतिमा और यमुनोत्री मंदिर परिसर में यमुना की प्रतिमा पूरी रीति-रिवाज़ के साथ स्थापित की गई। मंदिरों को फूलों से सुंदर तरीके से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु अनुकूल बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
इस बीच, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।
कल शाम तक इस यात्रा के लिए 18 लाख 90 हजार तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण किया जा चुका है। केदारनाथ में सबसे अधिक साढ़े छह लाख पंजीकरण हुए हैं। इसके बाद बद्रीनाथ के लिए साढ़े पांच लाख, गंगोत्री के लिए तीन लाख तीस हजार और गंगोत्री के लिए तीन लाख बीस हजार पंजीकरण हुए हैं।