नवम्बर 22, 2026 9:34 अपराह्न

printer

केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030-31 तक भारत के कपड़ा बाजार को 350 अरब डॉलर तक पहुंचाना है: गिरिराज सिंह

वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030-31 तक भारत के कपड़ा बाजार को 350 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार कपड़ा क्षेत्र के विकास में तेजी लाने और हथकरघा, हस्तशिल्प और कपड़ा उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रही है।
 
वस्त्र मंत्री ने पुणे में, कपड़ा क्षेत्र की प्रगति के आकलन के लिए समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्रों, भारतीय कपास निगम- सी.सी.आई, केंद्रीय सिल्क बोर्ड- सी.एस.बी, जूट उद्योग और राज्य एवं क्षेत्रीय कपड़ा विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। 
 
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और विशेष रूप से पुणे, कपड़ा उद्योग के विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने माना कि पश्चिमी महाराष्ट्र में कपास का पर्याप्त उत्पादन होता है, हालांकि इस क्षेत्र में कपड़ा निर्माण इकाइयों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हथकरघा और हस्तशिल्प गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं और उपलब्ध क्षमता और अवसरों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने की आवश्यकता है।