जुलाई 7, 2026 9:46 अपराह्न

printer

सीबीआई ने बीआरओ की परियोजनाओं में भ्रष्टाचार मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लद्दाख में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की विभिन्न परियोजनाओं में निधि के दुरुपयोग से संबंधित 4 आपराधिक मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने बताया कि उसने बीआरओ, लद्दाख के एक सहायक अभियंता (सिविल) और करगिल से दो श्रम आपूर्ति एजेंटों को गिरफ्तार किया है। सहायक अभियंता ने दो श्रम आपूर्ति एजेंटों के साथ मिलकर फर्जी मजदूरों के नाम पर बीआरओ की निधि का दुरुपयोग किया और एजेंटों द्वारा यह राशि उसके खाते में जमा की गई।

सीबीआई ने कल 26 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। अभियान को जारी रखते हुए, हिमाचल प्रदेश में एक और तलाशी अभियान चलाया गया। एजेंसी ने बताया कि बीआरओ के तकनीकी अधिकारी बोर्ड द्वारा की गई आंतरिक जांच के बाद रक्षा मंत्रालय द्वारा दर्ज की गई आपराधिक शिकायतों के आधार पर इस संबंध में चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अपराध सरकारी निधि के दुरुपयोग, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश से संबंधित है।