अक्टूबर 1, 2026 3:13 अपराह्न

printer

संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल ने फ्लाईदुबई की उड़ान एफ-जेड-1073 से जुड़ी घटना की जांच के आदेश दिए

संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल ने फ्लाईदुबई की उड़ान एफ-जेड-1073 से जुड़ी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह विमान बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहा था, लेकिन मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।

जांच में घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। यह भी जांच की जाएगी कि घटना का संबंध किसी आतंकी गतिविधि से था या इसमें पहले से कोई योजना शामिल थी। फ्लाईदुबई के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में विवाद हुआ था, जिसके बाद चालक दल के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर विमान को सुरक्षित किया।

अमीरात समाचार एजेंसी के अनुसार, विमान संयुक्त अरब अमीरात में पंजीकृत है और अमीरात का झंडा धारण करता है। इसलिए विमान में हुए अपराधों की जांच का अधिकार संयुक्त अरब अमीरात के न्यायिक अधिकारियों के पास है।

इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को कैप्टन के स्वास्थ्य और उनके ठीक होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास अमीरात के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और परिवार को हरसंभव सहायता जारी रखेंगे।

घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू में कर लिया और बड़ी विमान दुर्घटना को टालने में मदद मिली। भारतीय अधिकारियों ने कैप्टन के साहस और लोगों की जान बचाने के प्रयासों की सराहना की। वहीं, फ्लाईदुबई ने कहा है कि जांच जारी रहने तक इस्राएल के लिए और वहां से अपनी उड़ानें निलंबित रखेगा।