जुलाई 21, 2026 8:18 अपराह्न

printer

आंध्र प्रदेश सरकार और UAE ने राज्य में फ़ूड क्लस्टर स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

आंध्र प्रदेश सरकार और संयुक्त अरब अमीरात ने आज राज्य में यूएई फ़ूड क्लस्टर स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इससे फ़ूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ज़्यादा निवेश, निर्यात और व्यापार होगा। इस समझौते पर अमरावती में राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और संयुक्त अरब अमीरात के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के अंतर्गत यूएई फ़ूड क्लस्टर, आंध्र प्रदेश इकोनॉमिक डेवलपमेंट बोर्ड के साथ मिलकर आम, केला और कोको जैसे बागवानी उत्पादों की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा। इस साझेदारी का उद्देश्‍य व्यापारिक संबंधों को मज़बूत करना और यूएई की कंपनियों से निवेश आकर्षित करना है।

इसके अंतर्गत यूएई की कंपनी फ़्लोर मास्टर्स इंटरनेशनल ने चित्तूर ज़िले के गंगाधरा नेल्लोर में फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह समझौता इस साल की शुरुआत में दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम की बैठक के दौरान बनी सहमति को पूरा करता है।

यूएई के मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश में खेती और फ़ूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में बहुत ज़्यादा क्षमता है।