जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में जीएसटी से जुड़े विवादों के समाधान और इनपुट टैक्स क्रेडिट के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए नीतिगत सुधारों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य अनुपालन में लगने वाले समय और लागत को कम करना है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, सरकार वस्तु और सेवा कर-जीएसटी व्यवस्था में सुधार के अगले चरण के लिए पांच सूत्रीय योजना का प्रस्ताव रखेगी। इन सुधारों का उद्देश्य जीएसटी व्यवस्था में मौजूदा कई प्रशासनिक अड़चनों को स्वचालित और आसान बनाना तथा खासकर छोटे कारोबारियों पर अनुपालन का बोझ कम करना है।
इन प्रस्तावों में प्रक्रिया सुधार, संरचनात्मक सुधार, जीवन और कारोबार को आसान बनाना, सेवाओं के निर्यात और ई-कॉमर्स से जुड़े सुधार शामिल हैं। प्रस्तावित प्रमुख बदलावों में खरीदार और विक्रेता के बीच इनवॉयस का स्वतः मिलान, इनपुट टैक्स क्रेडिट-आईटीसी के दावे से जुड़ी कागजी कार्रवाई कम करना, छोटे करदाताओं को रिटर्न दाखिल करने की संख्या घटाना और छोटे कारोबारियों के लिए कई राज्यों में पंजीकरण की आवश्यकता समाप्त करना शामिल है।
जीएसटी परिषद की पिछली 56वीं बैठक पिछले वर्ष सितंबर में हुई थी। बैठक में आम लोगों, श्रम आधारित उद्योगों, किसानों और कृषि, स्वास्थ्य तथा अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए जीएसटी दरों को तर्कसंगत बनाने को मंजूरी दी गई थी।