भारत और चीन ने सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शांति तथा स्थिरता बनाए रखने में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। दोनों देशों ने भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय कार्य तंत्र (डब्ल्यू एम सी सी) की 35वीं बैठक के दौरान स्थिति की समीक्षा की। यह बैठक कल बीजिंग में हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्वी एशिया के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने किया और चीन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा और समुद्री मामलों के विभाग के महानिदेशक होउ यानछी ने किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि चर्चाएँ रचनात्मक और भविष्योन्मुखी रहीं। दोनों पक्षों ने परिसीमन, सीमा प्रबंधन, तंत्र निर्माण और सीमा पार सहयोग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय पक्ष ने सीमा पार नदियों पर अगली विशेषज्ञ स्तरीय समिति की शीघ्र बैठक पर जोर दिया।
बैठक के दौरान, दोनों पक्ष 24वीं विशेष प्रतिनिधि – एस आर वार्ता के परिणामों के अंतर्गत बनी सहमति में तंत्रों सहित, राजनयिक और सैन्य स्तर पर नियमित आदान-प्रदान और संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए। उन्होंने चीन में होने वाली एसआर की अगली बैठक के लिए ठोस तैयारी करने के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमति जताई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के नेता ने चीनी विदेश मंत्रालय के एशियाई मामलों के विभाग के महानिदेशक लियू चिनसोंग से मुलाकात की और चीनी सहायक विदेश मंत्री हांग लेई से शिष्टाचार भेंट की।