भारत और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालयों के संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आज मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में हुई। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी और मंगोलिया के रक्षा उप-राज्य सचिव ब्रिगेडियर जनरल गनसुख ई. ने की।
दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की वर्तमान गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की और मौजूदा प्रयासों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने निरंतर संवाद के माध्यम से लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की।
मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने नोमैडिक एलीफेंट सैन्य अभ्यास के सफल आयोजन की सराहना की। मंगोलिया ने अपने सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में भारत के निरंतर सहयोग की भी सराहना की।
डॉ. इशिता ने मंगोलियाई सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख मेजर जनरल उसुखबयार जे. से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग में प्रगति की सराहना की और आपसी संपर्क बढ़ाने, रक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भी दौरा किया और भारत की सहायता से स्थापित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कामकाज की समीक्षा की।