अक्टूबर 25, 2026 10:00 अपराह्न

printer

ब्रिक्स संसदीय मंच का 12वां सम्मेलन कल से नई दिल्ली में शुरू होगा

ब्रिक्स संसदीय मंच का 12वां सम्मेलन कल से नई दिल्ली में शुरू होगा। दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन का विषय है- ‘जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को सशक्त बनाना’। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस सम्मेलन में शामिल होंगे और विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस सम्मेलन के लिए ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों को आमंत्रित किया गया है। इन देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन में भाग लेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की अध्यक्षता करेंगे। वे द्विपक्षीय बैठकों के दौरान विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के नेताओं के साथ चर्चा भी करेंगे।

ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों की संसदों की अंतरराष्ट्रीय मामलों से संबंधित समितियों के अध्यक्षों की एक विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें संसदीय कूटनीति, क्षमता निर्माण और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।