भारत के लिए पेट्रोलियम ला रहा एक टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक निकल चुका है। यह जानकारी समुद्री यातायात पर नजर रखने वाली कई वेबसाइटों से मिली है। टैंकर निसोस केरोस, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर विशाखापत्तनम की ओर बढ रहा है। इसके 3 जून को पहुंचने की उम्मीद है। मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाला यह जहाज 21 मई को शारजाह से रवाना हुआ था और इसे आज सुबह भारत के पश्चिमी तट के पास उत्तरी अरब सागर पहुंच गया।
ईरान की समाचार एजेंसी ने बताया कि ईरान के प्रस्तावित पारगमन शुल्क को लेकर जारी तनाव के बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने 24 घंटों में 23 वाणिज्यिक जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी। ईरान ने समुद्री यातायात को विनियमित करने का प्रस्ताव दिया है, जबकि संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पारगमन शुल्क लगाना अवैध है। अमरीका ने इस रणनीतिक जलमार्ग से निर्बाध नौवहन की मांग की है। ईरान की कार्रवाई से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत गैस और तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है जो इस मार्ग से गुजरती है। इससे वैश्विक ऊर्जा और आर्थिक संकट गहरा गया है।