अक्टूबर 4, 2026 8:07 अपराह्न

printer

तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत आएंगे स्विट्जरलैंड के राष्‍ट्रपति गाइ पार्मेलिन

स्विट्जरलैंड के राष्‍ट्रपति गाइ पार्मेलिन तीन दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर कल नई दिल्‍ली पहुंचेंगे। उनके साथ वरिष्‍ठ अधिकारियों और कारोबारी जगत का उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और राष्‍ट्रपति पार्मेलिन विभिन्‍न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा के लिए वार्ता करेंगे। इस दौरान व्‍यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, मोबिलिटी, संस्‍कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों नेता बहुपक्षीय परिदृश्‍य में सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

राष्‍ट्रपति पार्मेलिन इस वर्ष फरवरी में नई दिल्‍ली में एआई इम्‍पेक्‍ट समिट में भी भारत आए थे। श्री पार्मेलिन कल शाम राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर भी राष्‍ट्रपति पार्मेलिन से भी मुलाकात करेंगे। राष्‍ट्रपति की इस यात्रा का महत्‍व इसलिए भी बढ़ गया है कि सात अक्‍टूबर को वे दूसरे भारत-ईएफटीए प्रोस्‍पेरिटी समिट में भाग लेंगे। यह शिखर सम्‍मेलन भारत-ईएफटीए व्‍यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ पर आयोजित किया जा रहा है।

ईएफटीए देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्‍यापार और निवेश साझेदार है। भारत और स्विट्जरलैंड के बीच दीर्घकालिक मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। राष्‍ट्रपति की इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।