अप्रैल 21, 2026 6:14 अपराह्न

printer

पंजाब में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की आपूर्ति स्थिर और पर्याप्त है-आईओसीएल

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड-आईओसीएल ने आश्वासन दिया है कि पंजाब में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की आपूर्ति स्थिर और पर्याप्त बनी हुई है। आवश्यक ईंधनों की उपलब्धता में कोई बाधा नहीं है। तेल विपणन कंपनियों के डिपो में और खुदरा दुकानों के पास निर्बाध बिक्री सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त भंडार है। ऑटोमोबाइल ईंधन की उपलब्धता को लेकर चिंता का कोई कारण नहीं है।

    आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक और पंजाब राज्य प्रमुख, आशुतोष गुप्ता ने चंडीगढ़ में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तेल कंपनियां राज्य में निर्बाध एल.पी.जी आपूर्ति बनाए हुए हैं। वाणिज्यिक एलपीजी आवंटन को लगभग 70 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों का आवंटन भी दोगुना किया गया है। उन्होंने ग्राहकों को सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल तरीकों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

    श्री गुप्ता ने कहा कि अनियमितताओं और जमाखोरी को रोकने के लिए केंद्र और पंजाब सरकार एक-दूसरे के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या जमाखोरी का पता चलने पर वे चंडीगढ़ हेल्पलाइन नंबर 0172-3321001 पर फोन करके इसकी सूचना दे सकते हैं। उन्होंने ग्राहकों को एलपीजी सिलेंडरों की जल्दबाजी में बुकिंग या जमाखोरी से बचने और अफवाहों पर भरोसा न करने की सलाह दी ह‍ै और सही जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों का पालन करने का आग्रह किया।

    श्री गुप्‍ता के साथ चंडीगढ़ के राज्य स्तरीय समन्वयक सुशांत कुमार और पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख के एलपीजी प्रभारी श्री परमेश्वर भी मौजूद थे।