नवम्बर 23, 2026 7:26 अपराह्न

printer

स्टैंडर्ड एंड पुअर्स ग्लोबल ने वर्ष 2027 में भारत को एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहने का अनुमान व्यक्त किया

स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (एस.एंड.पी.) ग्लोबल ने वर्ष 2027 में भारत को एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहने का अनुमान व्यक्त किया है। एजेंसी के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष और मार्च 2028 में समाप्त होने वाले अगले वित्त वर्ष, दोनों में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है।
 
एस.एंड.पी. ग्लोबल ने अपनी रिपोर्ट ‘इकोनॉमिक आउटलुक एशिया-पैसिफिक क्यू-वन 2027’ में कहा है कि जून और सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को वस्तुओं के मजबूत निर्यात, सरकार के नेतृत्व में निवेश व्यय और घरेलू खपत में मजबूती से समर्थन मिला। इसके साथ ही ऋण वृद्धि में तेजी ने भी इसमें योगदान दिया।
 
मार्च 2027 में समाप्त होने वाले चालू वित्त वर्ष में महंगाई दर औसतन पांच दशमलव तीन प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। हालांकि, इसमें बढ़ोतरी का जोखिम अधिक बताया गया है। एजेंसी को उम्मीद है कि मार्च 2028 में समाप्त होने वाले अगले वित्त वर्ष में महंगाई घटकर चार दशमलव सात प्रतिशत रह जाएगी।