जुलाई 2, 2026 2:19 अपराह्न

printer

दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली सहित कई राज्यों में पहुंचा, गर्मी और उमस से राहत

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज दिल्ली के सभी इलाकों सहित गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के ज़्यादातर हिस्सों और राजस्थान के कुछ इलाकों में आगे बढ़ गया है। राजधानी में बारिश से गर्मी और उमस भरे मौसम से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के उत्तर भारत के कई और इलाकों में आगे बढ़ने की उम्मीद है।

वहीं पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों के लिए भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि बिहार, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, केरल, माहे, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हुई है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मॉनसून जल्दी आने से तापमान में गिरावट आई है। देर रात से शुरू हुई बारिश के कारण दोनो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। 

हरियाणा के नारनौल में आज सुबह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के भटिंडा में न्यूनतम तापमान गिरकर 20.8 डिग्री सेल्यसिय पहुंच गया जबकि कल यहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस था। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने आज से 7 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ तेज वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।