दक्षिण कोरिया ने यूक्रेन से अपने कुछ राजनयिक कर्मचारियों को वापस बुलाने का फैसला लिया है। यह कदम उत्तर कोरिया के दो युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया भेजने के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच जारी विवाद और रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए उठाया गया है।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन ने दोनों उत्तर कोरियाई युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया भेजने की जानकारी एकतरफा सार्वजनिक की थी। उन्होंने कहा कि इस विवाद को सुलझाने के लिए यूक्रेन ने कोई ठोस प्रयास नहीं किया है।
इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया भेजे जाने की जानकारी सार्वजनिक किए जाने के बाद, दक्षिण कोरिया ने जेलेंस्की से आधिकारिक स्पष्टीकरण और माफी मांगी थी। दक्षिण कोरिया ने यह आश्वासन भी मांगा था कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
हालांकि, यूक्रेन ने इस बात से इनकार किया कि मामले को गोपनीय रखने के लिए कोई समझौता हुआ था। यूक्रेन ने अब तक दक्षिण कोरिया की मांगों पर औपचारिक जवाब नहीं दिया है।