अक्टूबर 17, 2026 9:50 अपराह्न

printer

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गहरे संबंधों का उल्लेख किया

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लेख किया है। उन्होंने उत्तरी केप प्रांत में वेदांता की गैम्सबर्ग जस्ता खदान के दूसरे चरण के उद्घाटन के दौरान यह बात कही।
 
इस परियोजना पर लगभग पांच हजार सात सौ सत्तावन करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे औद्योगिक क्षमता और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। समारोह में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार और महावाणिज्यदूत रूबी जसप्रीत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
 
राष्ट्रपति रामाफोसा ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका की साझेदारी व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों तक फैली हुई है। उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका में एक सौ पचास से अधिक भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं।