शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की कि शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के 6 लोकसभा सांसद उनकी पार्टी शिवसेना में शामिल हो गए हैं। मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में श्री शिंदे ने सांसद संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-अष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर का पार्टी में स्वागत किया।
श्री शिंदे ने कहा कि इन 6 सांसदों का शिवसेना में शामिल होना जून 2022 में शुरू हुए उस आंदोलन का दूसरा चरण है, जब शिवसेना के 40 विधायकों ने बगावत की थी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को संरक्षित करने और पार्टी के हिंदुत्व सिद्धांतों की रक्षा के उद्देश्य से शुरू किया गया था।