महाराष्ट्र के नाशिक और त्र्यंबकेश्वर में आज सिंहस्थ कुंभ मेले का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नाशिक के रामकुंड में मुख्य ध्वज फहराया, जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ में धर्म ध्वजा फहराई।
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित कई संत-महात्मा और गणमान्य व्यक्ति समारोह में मौजूद रहे। ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रपति ने गंगा गोदावरी मंदिर और रामकुंड में पूजा-अर्चना की। वहीं, मुख्यमंत्री ने त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ में पूजा की।
राष्ट्रपति मुर्मु दोपहर बाद त्र्यंबकेश्वर जाएंगी। वहां वे ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी। शाम को नाशिक के रामकुंड में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां राष्ट्रपति जनसभा को संबोधित करेंगी। कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह ने बताया है कि करीब छह हजार पांच सौ जनजातीय समुदाय के सदस्य गोदा आरती करेंगे। इसके जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।