सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग में राष्ट्रीय जलविद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) की तीस्ता छठा चरण जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन हेड रेस टनल का एक हिस्सा कल ढह जाने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। एनएचपीसी ने कहा है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। सिक्किम के सूचना और जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि सुरंग के अंदर 25 लोग फंस गए थे।
एनएचपीसी ने बताया कि परियोजना दल जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल स्थानीय अधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर चल रहे बचाव कार्यों में सहयोग कर रहा है। इसके अलावा खान सुरक्षा महानिदेशक की एक विशेष बचाव टीम भी बचाव कार्य के लिए घटना स्थल पर पहुंची है।
एन.एचपीसी के अनुसार यह घटना कल दोपहर लगभग एक बजे निर्माणाधीन हेड रेस टनल के भीतर चट्टानों से जहरीली गैस के अचानक रिसाव से हुई। निगम ने बताया कि तत्काल आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए।
एनएचपीसी ने बताया है कि शीर्ष प्रबंधन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और बचाव दल तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। निगम ने आगे कहा कि मौके पर मौजूद इंजीनियरिंग टीमें घटनास्थल पर बचाव कार्य के लिए अधिकारियों के साथ चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। निगम ने आश्वासन दिया कि फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।