अक्टूबर 25, 2026 7:41 अपराह्न

printer

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में चिकित्सा सुविधाएं स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार

दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में चिकित्सा सुविधाएं स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया है। दिल्ली सरकार ने बताया कि वर्तमान में कई सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के तबीयत खराब होने की स्थिति में तत्काल देखभाल उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित स्थान या बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। इस पहल के माध्यम से स्कूल समय के दौरान विद्यार्थियों को तत्काल प्राथमिक उपचार और आवश्यक देखभाल उपलब्ध करने में मदद मिलेगी।

दिल्ली सरकार ने बताया कि सभी सरकारी स्कूलों को इस योजना के दायरे में लाने के लिए अनुमानित वार्षिक वित्तीय व्यय 48 करोड़ रूपए से अधिक होगा। प्रस्ताव के अंतर्गत प्रत्येक स्कूल में एक प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी को तैनात किया जाएगा। ये स्वास्थ्यकर्मी विद्यार्थियों की तत्काल स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और किशोरावस्था से जुड़े स्वास्थ्य विषयों में सहायता प्रदान करेंगे। इसके साथ ही स्कूलों में स्थापित मेडिकल कक्षों में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में ड्रेसिंग, ओआरएस देना और आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों को कुछ समय आराम करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दिल्ली सरकार ने बताया कि मेडिकल कक्ष में छात्राओं को मासिक धर्म से संबंधित आवश्यकताओं के दौरान सुरक्षित, निजी और सुविधाजनक स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देने तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।