जुलाई 12, 2026 2:12 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधारोपण को सतत भविष्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया

केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सतत भविष्‍य सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधा रोपण बहुत ही महत्‍वपूर्ण है। नई दिल्‍ली में वृक्ष मित्र और पर्यावरण संरक्षण संकल्‍प कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और धरती का तापमान बढ़ने को लेकर चिंतित है। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 1880 के बाद समुद्र के बढ़ते तापमान और पिघलते हिमनदों ने वैश्विक समुद्री जल स्‍तरों को लगभग 20 से 23 सेंटीमीटर तक बढ़ा दिया है। उन्‍होंने कहा कि धरती का औसत तापमान वर्ष 1900 की तुलना में लगभग डेढ़ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। यह जलवायु परिवर्तन के लिए गंभीर चेतावनी का संकेत है।
 
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस संकट से निपटने के लिए कई पहल की हैं। उन्‍होंने कहा कि देश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में महत्‍वपूर्ण वृद्धि हुई है। श्री चौहान ने पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान और मिशन लाइफ जैसी पहलों का भी उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2070 तक शून्‍य कार्बन उत्‍सर्जन का लक्ष्‍य निर्धारित किया है।