नवम्बर 21, 2026 9:50 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में अज़रबैजान के प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

केन्‍द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज एस सी ओ सभ्यता संवाद मंच के दौरान अलग से अज़रबैजान के प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली में मंत्रिस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शेखावत ने बताया कि बैठक के दौरान, भारत-अज़रबैजान के सांस्कृतिक सहयोग को प्रगाढ़ करने, सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने, व्यापार और दोनों देशों के नागरिकों के आपसी संबंधों पर चर्चा हुई। उन्होंने उल्लेख किया कि बाकू के पास स्थित अतेशगाह अग्नि मंदिर, स्थित देवनागरी और गुरमुखी लिपि का शिलालेख भारत-अज़रबैजान के साझा ऐतिहासिक संबंधों का एक उल्लेखनीय प्रमाण है। उन्होंने विरासत संरक्षण, पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संग्रहालय आदान-प्रदान, अकादमिक अनुसंधान और साझा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सहयोग के अवसरों का भी उल्लेख किया। श्री शेखावत ने दोहराया कि भारत इन सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करने और अज़रबैजान के साथ एक गहरी सांस्कृतिक साझेदारी बनाने के लिए तत्पर है।
 
केन्‍द्रीय मंत्री ने ताजिकिस्तान की संस्कृति मंत्री सत्तोरियोन मतलुबाखोन अमोनज़ोदा के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शेखावत ने कहा कि चर्चा का मुख्य विषय साझा पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण, साहित्यिक विरासत के संवर्धन, कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों के बीच आदान-प्रदान और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के माध्यम से सांस्कृतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ताजिकिस्तान की सुमानक परंपरा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में हाल ही में शामिल किया जाना। इस क्षेत्र को जोड़ने वाली समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का एक और उत्सव है। श्री शेखावत ने कहा कि दोनों देश एक ऐसे सभ्यतागत बंधन को साझा करते हैं जो भौगोलिक सीमाओं से परे है और सदियों के इतिहास, साहित्य, भाषा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में निहित है।