केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन मॉनसून थंडर की सफलता पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो-एनसीबी और अमरीका के ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन-डीईए को बधाई दी है। श्री शाह ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस अभियान के अंतर्गत भारत और अमरीका में की गई गिरफ्तारियां और जब्तियां मादक पदार्थों के खतरे से निपटने में भारत-अमरीका साझेदारी की ताकत का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि न तो एक ग्राम मादक पदार्थ देश में आए और न ही यहां से अन्य देशों में भेजा जाए।
इस बीच, भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने ऑपरेशन मॉनसून थंडर के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरूद्ध कार्रवाई में भारत-अमरीका सहयोग की सराहना की है। श्री गोर ने एक मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो-एनसीबी ने अमरीका के ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन-डीईए के साथ मिलकर इस नेटवर्क का भंडाफोड किया है। इस नेटवर्क के जरिए कथित तौर पर अमरीका में अवैध मादक पदार्थ पहुंचाया जा रहा था। कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। श्री गोर ने इस कार्रवाई को भारत-अमरीका साझेदारी का बेहतर उदाहरण बताते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
एनसीबी के अनुसार, यह नेटवर्क टेलीग्राम और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित होता था।