जून 1, 2026 2:27 अपराह्न

printer

भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों की दूसरी संवाद बैठक नई दिल्ली में जारी

भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों की दूसरी संवाद बैठक नई दिल्ली में जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स बैठक की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। वार्ता में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा और सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। चर्चा का मुख्य केंद्र रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना, सैन्य संबंधों को बढ़ाना, उद्योग सहयोग,  और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा शामिल हैं। बैठक में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूती, रणनीतिक विश्वास और सहयोग को बढ़ाने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा रक्षा और सुरक्षा में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने की संभावना है।
 
इससे पहले, श्री सिंह ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा संबंध काफी मजबूत हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा संबंधों में विकास की संभावनाओं पर ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री के विचारों को सुनने के लिए उत्सुक हैं।
 
श्री मार्ल्स ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत ने अपनी रक्षा साझेदारी को और मजबूत किया है और दोनों पक्ष समुद्री क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से दोनों राष्ट्र पहले से कहीं अधिक एकजुट हैं।
 
श्री मार्ल्स की यह यात्रा पिछले वर्ष अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पहली संवाद बैठक के बाद हो रही है। उनकी यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बढ़ती प्रगति को दर्शाती है। भारत के स्वतंत्र, खुले, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण में ऑस्ट्रेलिया एक महत्वपूर्ण भागीदार है। यह यात्रा दोनों देशों की रक्षा साझेदारी की परिपक्वता को दर्शाती है।