विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने विज्ञान मंत्रालयों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय, शहर आधारित वैज्ञानिक क्लस्टर विकसित करने और देश के वैज्ञानिक उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया। विज्ञान मंत्रालयों और विभागों के साथ मासिक समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय होना चाहिए। शहर आधारित वैज्ञानिक क्लस्टर संबंधित क्षेत्रों में काम कर रहे संस्थानों और अन्य हितधारकों को एक साथ लाने में मदद करेंगे।
डॉ. सिंह ने नई और प्रभावशाली वैज्ञानिक उपलब्धियों की लगातार पहचान करने और उन्हें सामने लाने पर भी बल दिया, ताकि प्रयोगशालाओं और संस्थानों में हो रहे महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ी उपलब्धियों को समय पर, सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए संचार व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
डॉक्टर सिंह ने हाल में संपन्न ‘स्वच्छ सागर सुरक्षित सागर अभियान के पांचवें चरण की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान में लोगों की व्यापक भागीदारी की सराहना की। अभियान के दौरान 15 लाख लोगों ने महासागर संरक्षण की शपथ ली और 13 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के 231 स्थानों पर तटीय सफाई अभियान चलाया गया।