सितम्बर 12, 2026 2:23 अपराह्न

printer

यमन में हौसी विद्रोहियों के महत्‍वपूर्ण द्वीपों पर कब्जे से लाल सागर में प्रमुख नौवहन मार्गों पर पकड़ मज़बूत

सऊदी अरब ने ड्रोन हमले के एक दिन बाद अपनी प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। ऊर्जा मंत्रालय ने इसे एहतियाती कदम बताया है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने हमले के लिए इराक से आए ड्रोन को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, इराकी सरकार ने हमले की निंदा करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच, यमन में ईरान समर्थित हौसी विद्रोहियों ने बाब-अल-मंडेब जलडमरूमध्य के पास मोखा बंदरगाह और पेरिम द्वीप पर कब्जा कर लिया है। इससे पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का एक नया मोर्चा खुल गया है।
 
बाब-अल-मंडेब दुनिया के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यहां हौसी विद्रोहियों का नियंत्रण वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों को प्रभावित कर सकता है। सऊदी अरब की करीब 1,200 किलोमीटर लंबी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को बायपास कर तेल को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने का प्रमुख वैकल्पिक मार्ग है। हाल के महीनों में इससे रोजाना 40 से 50 लाख बैरल तेल भेजा जा रहा था, जो वैश्विक आपूर्ति का करीब 4 से 5 प्रतिशत है।