सउदी अरब ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर यमन में लगातार हमलों के बाद खतरनाक हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है।
यमन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने आज कहा कि हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के शहरों आभा, खमीस मुशैत, जाज़ान और नजरां में नागरिक और आर्थिक स्थलों को निशाना बनाया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 73 नागरिक घायल हुए हैं। ये सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन और उसके नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में, अल-मलिकी ने हूती हमलों को शत्रुतापूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन की संयुक्त सेना कमान, हूती विद्रोहियों को रोकने, खतरों का जवाब देने और खतरे को बेअसर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी।
इस बीच, हूती विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब में कई ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, किंग खालिद एयर बेस और आभा तथा जिजान में सरकारी तेल कंपनी अरामको की सुविधाएं शामिल हैं।
यह तनाव एक दिन पहले हूती विद्रोहियों द्वारा लगाए गए उन आरोपों के बाद बढ़ा है कि सऊदी अरब ने यमन के कई प्रांतों में हवाई हमले और क्रूज मिसाइल हमले किए थे, क्योंकि हूती विद्रोहियों और सरकारी बलों के बीच लड़ाई कई मोर्चों पर फैल गई थी।