सितम्बर 17, 2026 3:21 अपराह्न

printer

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 76वें जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच महत्‍वपूर्ण और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को सशक्‍त बनाने में श्री मोदी के योगदान की सराहना की।

भारत में रूसी दूतावास ने इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का संदेश साझा किया। उन्‍होंने अपने संदेश में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत की अपनी हालिया यात्रा के दौरान गर्मजोशी भरे स्वागत सम्‍मान और आतिथ्य सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति पुतिन ने श्री मोदी के साथ अपनी वार्ता को “सारगर्भित, स्पष्ट और फलदायी” बताया है। उनहोंने कहा कि वे द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने के लिए तत्पर हैं।

इस बीच, नई दिल्ली स्थित कई दूतावासों और विदेशी राजनयिकों ने प्रधानमंत्री को बधाई दी है। भारत में अमरीकी दूतावास ने राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप की ओर से श्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

जापान के राजदूत ओनो केइची ने ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्‍होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर भारत-जापान साझेदारी और अधिक ऊंचाइयों को छुएगी।

ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने प्रधानमंत्री की हाल ही में हुई यात्रा के दौरान बनी गर्मजोशी और दोनों देशों के बीच उत्‍कृष्‍ट जन-संबंधों को याद किया।

स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन ने श्री मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान बनी गर्मजोशी और मित्रतापूर्ण तथा यादगार पलों का स्‍मरण किया।